जयपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण के लिए उदयपुर जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां आरंभ हो गई हैं और अभियान को मूर्त रूप दिया जा रहा है। जिला कलक्टर श्री रोहित गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को उदयपुर जिला परिषद सभागार में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण के लिए जिलास्तरीय प्रशिक्षकों की प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। इसमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी अविचल चतुर्वेदी, जल ग्रहण क्षेत्र विकास के अधीक्षण अभियन्ता आर.के. अग्रवाल एवं अन्य अधिकारियों ने संबोधित किया और द्वितीय चरण के बारे में जानकारी दी। जिला कलक्टर श्री गुप्ता ने सभी कामों में समय और गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि सभी संबंधित विभाग अधिक से अधिक काम हाथ में लें। कार्यशाला में प्रथम चरण के अनुभवों को सामने रखकर निर्णय लिया गया कि पूर्व के अनुभवों से सीख कर द्वितीय चरण को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। द्वितीय चरण में जिले की 87 ग्राम पंचायतों मेंं 258 गांवों को चिह्नित किया गया है जहां जल स्वावलम्बन अभियान के काम चलाए जाएंगे।
No comments:
Post a Comment